Anant TV Live

जापान के करीब रूसी वायु सेना के टोही विमानों ने भरी उड़ान, लड़ाकू विमानों को आते देख वापस भागे

 | 
viman
तोक्यो: रूस के टोही विमानों ने जापानी तट के करीब उड़ान भरी। इसे देख जापान ने अपने लड़ाकू विमानों को तुरंत उस इलाके में गश्त के लिए भेज दिया। जापानी लड़ाकू विमानों को आते देख रूसी टोही विमान अंतरराष्ट्रीय हवाई सीमा में वापस चला गया। जापान ने बताया कि रूस की खुफिया जानकारी इकट्ठा करने वाले विमानों ने गुरुवार को जापान सागर में काफी अंदर तक घुस आए थे। जापानी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एक रूसी विमान ने जापान के उत्तर से नीचे अपने पश्चिमी तट के साथ उड़ान भरी, वहीं दूसरे ने इसके ठीक विपरीत रास्ता अपनाया।
 

जापान ने लड़ाकू विमानों को किया तैनात

जापानी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी टोही विमानों को आते देख जापानी सेल्फ डिफेंस फोर्स की उत्तरी वायु सेना कमांड और दूसरी इलाकों के लड़ाकू विमानों को तुरंत एयरबॉर्न किया गया। इन लड़ाकू विमानों को आते देख रूसी टोही विमान अंतरराष्ट्रीय हवाई सीमा के अंदर चले गए। जापान ने दावा किया है कि इस दौरान उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं किया गया, हालांकि माहौल को देख सतर्कता के लिए तुरंत ही लड़ाकू विमानों को तैनात किया गया।

जेलेंस्की के जापान दौरे के बाद हुई घटना

जापान ने इस घटना के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है। यह घटना जापान में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के शामिल होने के कुछ दिनों बाद हुई है। जापान ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण को लेकर रूस पर प्रतिबंधों का समर्थन किया था। जापान लगातार रूस के खतरे को दुनिया के सामने उठाता रहा है। जापान की नई रक्षा नीति में भी एशिया में रूस की सैन्य शक्ति और चीन के साथ दोस्ती को एक बड़ा खतरा बताया गया है।
 

क्वाड की बैठक के बाद भी उड़े थे रूसी विमान

पिछले साल मई में तोक्यो में अमेरिका के नेतृत्व वाले क्वाड समूह की बैठक के तुरंत बाद चीनी और रूसी लड़ाकू विमानों ने जापान के पास संयुक्त उड़ानें भरीं थी। हाल में ही रूस ने जापान सागर में मिसाइलों का भी परीक्षण किया और सैन्य अभ्यास भी आयोजित किया है। रूस जापान को एक शत्रुतापूर्ण देश मानता है। रूस की इस लिस्ट में अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के अलावा कई दूसरे नाटो देश शामिल हैं। रूस और जापान कुरील द्वीप समूह को लेकर भी एक दूसरे से उलझे हुए हैं।

Around The Web

Trending News

You May Also Like