Anant TV Live

प्रियंका के यूपी प्रभारी का चार्ज छोड़ने की संभावनाओं को और बल मिल रहा है। माना जा रहा है कि पांच राज्यों के चुनाव के बाद ही नए प्रदेश प्रभारी की तैनाती कर दी जाएगी।

 | 
SD
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी संभाले अजय राय को ढाई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनके पास अपनी कार्यकारिणी नहीं है। दावा तो किया जा रहा था कि अक्टूबर तक कार्यकारिणी मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तब से यूपी कांग्रेस में ही भीतरखाने यह सवाल खूब उठ रहा है कि आखिर इस देरी की वजह क्या है? जानकारों की मानें तो इसकी बड़ी वजह यूपी प्रभारी की कुर्सी है। मौजूदा समय में प्रियंका गांधी वाड्रा इस कुर्सी पर काबिज हैं। हालांकि चर्चा है कि वह यह पद छोड़ देंगी और 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।

ऐसे में नए प्रभारी की तैनाती की बात भी खूब चल रही है। माना जा रहा है कि प्रियंका के यहां से ही फाइल ऊपर अप्रूवल के लिए नहीं भेजी जा रही है। बीते दिनों अजय राय की कमिटी को लेकर प्रदेश सचिवों के साथ कुछ बैठकें भी हुई थीं, लेकिन इसके आगे बात नहीं बढ़ी। कुछ जगहों पर दावा किया जा रहा है कि कमिटी को अंतिम रूप देने में पांच राज्यों के चुनाव बाधक बने हुए हैं। एक बार वहां प्रचार का सिलसिला थमे तभी कार्यकारिणी को लेकर बातचीत आगे बढ़ेगी। ऐसे में फिलहाल कमिटी जारी होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। कम से कम पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद या नए प्रभारी की तैनाती तक तो इंतजार करना ही होगा।

सवा साल से ज्यादा वक्त हो गया प्रियंका को यूपी आए

प्रियंका को साल 2019 में कांग्रेस का यूपी प्रभारी बनाया गया था। उस दरम्यान उनकी उपस्थिति यूपी में ठीक-ठाक वक्त के लिए रहती थी। प्रियंका को जब यूपी की कमान दी गई थी, तब राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष थे। उन्होंने प्रियंका को यूपी प्रभारी बनाते वक्त ही सार्वजनिक तौर पर कहा था कि प्रियंका 2022 तक यूपी में रहेंगी। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद से ही प्रियंका की यूपी में मौजूदगी खत्म हो गई। यूपी कांग्रेस के दफ्तर आए उन्हें करीब सवा साल बीत गए हैं। ऐसे में प्रियंका के यूपी प्रभारी का चार्ज छोड़ने की संभावनाओं को और बल मिल रहा है। माना जा रहा है कि पांच राज्यों के चुनाव के बाद ही नए प्रदेश प्रभारी की तैनाती कर दी जाएगी।

Around The Web

Trending News

You May Also Like