Anant TV Live

भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा, प्रकोष्ठ अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रभारियों की बैठक

 | 
ok

 हमारी कार्यशैली और कार्यपद्धति विशिष्ट है। यह बात हमारे विपक्षी भी मानते हैं। हमारी यह कार्यपद्धति सभी कार्यकर्ताओं तक पहुंच सके, इसके लिए प्रशिक्षण वर्ग जरूरी है। हमने बहुत अच्छे तरीके से मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए हैं, अब हमें एक से 6 दिसंबर के बीच जिला स्तर के प्रशिक्षण आयोजित करना है। सभी पदाधिकारी इसकी कार्ययोजना तैयार कर लें। यह बात राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं सह संगठन महामंत्री हितानंद ने पदाधिकारियों, मोर्चा.प्रकोष्ठ अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रभारियों को संबोधित करते हुए कही। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मंचासीन रहे।

हमारी लड़ाई कथित सेक्युलर और देश तोड़ने वाली ताकतों से : शिवप्रकाश

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि 1990 से पहले तक कांग्रेस देश की राजनीति का केंद्र बिंदु थी और सभी दल उसे हटाने के लिए प्रयास करते रहते थे। अब भाजपा राजनीति के केंद्र में है और अन्य दल उसे हटाने के लिए एकत्र हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में लड़ाई राजनीतिक दलों के बीच होती थी, लेकिन अब यह लड़ाई फोर्सेज के बीच है। इसमें एक तरफ राष्ट्रीयता को समर्पित भाजपा है, तो दूसरी तरफ राष्ट्रीयता के विपरीत विचार रखने वाली, कथित सेक्युलर और देश तोडऩे वाली ताकते हैं। इस लड़ाई में सिर्फ राजनीतिक तैयारी से काम नहीं चलेगा, हमें इन ताकतों के हथियारों, इनके षडयंत्रों को समझना होगा। शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम प्रत्येक बूथ को एक्टिव करने का अच्छा साधन हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने संगठन को समाज के सहयोग से चलाना है, इसलिए समाज के सहयोग से समर्पण निधि एकत्र करें। शिवप्रकाश ने कहा कि हमारी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं हमारी ताकत हैं, ये योजनाएं नीचे तक कैसे पहुंचे, इसकी चिंता सभी को करना चाहिए।

हर लक्ष्य को हासिल करने का साधन प्रवास : मुरलीधर राव

पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि प्रवास हर लक्ष्य को प्राप्त करने का साधन है, यह हमारी कार्यप्रणाली के इंजन का केंद्रीय तत्व है। इसलिए हर स्तर के पदाधिकारी प्रवास पर जोर दें। श्री राव ने कहा कि जिन जिलों में, कार्यसमिति, मोर्चा.प्रकोष्ठों का गठन बाकी है, उसे समय सीमा में प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। श्री राव ने कहा कि कार्यकर्ताओं, कार्यसमिति सदस्यों के बीच कार्य का विभाजन करें ताकि हर काम के लिए कार्यकर्ता और हर कार्यकर्ता को उचित काम मिल सके। उन्होंने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से कार्यसमितियों के गठन, प्रवास कार्यक्रम आदि की जानकारी भी ली।

बूथ रचना के दम पर ही भाजपा इतनी बड़ी पार्टी बनी : पंकजा मुंडे

प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे ने कहा कि हमारी सभी बैठकों और वर्गों में बूथ को मजबूत करने की बात की जाती है। हो सकता है, कुछ जगहों पर या कुछ कार्यकर्ताओं को यह काम कठिन लगता हो,लेकिन बूथ रचना का काम बहुत महत्वपूर्ण है। इसी के दम पर आज भाजपा इतनी बड़ी पार्टी बनी है। श्रीमती मुंडे ने कहा कि हमारा लक्ष्य सत्ता हासिल करना नहीं है और न ही हम सत्ता से संतुष्ट होते हैं। हमारा लक्ष्य अंत्योदय यानी अंतिम पायदान के व्यक्ति का कल्याण है। उन्होंने कहा कि आज हमारे विपक्षी भी कहते हैं कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और कार्यकर्ताओं को अनुशासन सिखाने, उन्हें प्रशिक्षित करने में इस तरह की बैठकों, वर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

टीम भावना से ही पार्टी को मिल रही सफलता : वीडी शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी टीम भावना से काम कर रही है और इसी से सफलता मिलती है। हाल ही में हुए चार में से तीन उपचुनावों में हमने सफलता प्राप्त की है। श्री शर्मा ने कहा कि संगठन के विस्तार तथा युवाओं को पार्टी से जोडने में हमारे मोर्चा, प्रकोष्ठों की क्या भूमिका हो सकती है, इस पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह संगठन शिल्पी स्व कुशाभाऊ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष है, जिसे हमें संगठन की दृष्टि से ऐतिहासिक बनाना है।

निर्धारित तिथियों पर ही हों पार्टी के कार्यक्रम : सुहास भगत

प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि आगामी समय के लिए पार्टी ने अनेक कार्यक्रम तय किए हैं। ये सभी कार्यक्रम अपनी निर्धारित तिथि पर आयोजित किए जाएं। श्री भगत ने कहा कि स्व कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष में पार्टी ने विस्तारक योजना के लिए 20 से 30 जनवरी का समय तय किया है। इसमें पूरे प्रदेश में 20 हजार विस्तारक निकाले जाएंगे। सभी विस्तारक हर बूथ पर एक दिन का समय दें और हम सभी को भी इस अभियान में 100 घंटे का समय देना है।

कार्यकर्ताओं को कार्यपद्धति से अवगत कराने प्रशिक्षण जरूरी : हितानंद

प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हमारी कार्यपद्धति कार्यकर्ताओं तक पहुंच सके, इसके लिए प्रशिक्षण आवश्यक है। हम एक से छह दिसंबर तक जिलों में प्रशिक्षण आयोजित करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रशिक्षण तीन दिन के होंगे, जिनमें से ढाई दिन का समय प्रशिक्षण के लिए तथा आधा दिन का समय कार्यसमिति की बैठक के लिए रखा गया है।

Around The Web

Trending News

You May Also Like