चीन इस साल एक्सपो में हिस्सा नहीं ले रहा है। अगले हफ्ते शुरू होने वाले ऑटो एक्सपो (Auto Expo 2023) की तैयारियां काफी तेजी से चल रही हैं।

जानिए किस दिन से होगी ऑटो एक्सपो की शुरुआत
ऑटो एक्सपो की शुरुआत 1986 में प्रगति मैदान, नई दिल्ली में हुई थी, लेकिन पिछले कुछ संस्करणों से यह आयोजन दो स्थानों पर हुआ है। इस साल भी, ऑटो एक्सपो दो स्थानों पर होगा। इसमें नई दिल्ली में ऑटो एक्सपो 2023 कंपोनेंट्स और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में ऑटो एक्सपो 2023 मोटर शो होगा। नोएडा का ऑटो एक्सपो 2023 मोटर शो प्रमुख आकर्षण है। दिल्ली में ऑटो एक्सपो की शुरुआत 12 जनवरी 2023 से होने जा रही है। यह 15 जनवरी 2023 तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित किया जाएगा।
इस बार पिछले आयोजनों से बड़ा होगा शो
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, इस बार, कंपोनेंट्स शो पिछले आयोजनों की तुलना में ज्यादा बड़ा होगा। इस बार ये 60,000 वर्ग मीटर से ज्यादा के एरिया में लगाया जा रहा है। इस बार एक्सपो में 15 देशों की 800 से ज्यादा कंपनियां शामिल होने आ रही हैं। ऑटो एक्सपो में 6 देशों के पवेलियन फ्रांस, जर्मनी, जापान, पोलैंड, दक्षिण कोरिया और यूके एक्सपो में प्रदर्शित होंगे। इस बार ऑटो एक्सपो में ज्यादातर दिन व्यवसायिक कर्मियों के लिए रिजर्व हैं। अगर आम लोगों की बात करें तो उनके लिए ऑटो एक्सपो में 15 जनवरी को दोपहर डेढ़ बजे से शाम 5 बजे तक का समय दिया गया है। ऑटो एक्सपो में इस बार 40 से ज्याद देशों के राजनयिक समुदाय, मीडिया और सरकारी अधिकारियों के साथ एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।