अयोध्या में भक्ति के रंग में रंगीं अभिनेत्री
मुंबई : आस्था, सादगी और सिनेमा का खूबसूरत संगम उस वक्त देखने को मिला, जब अभिनेत्री यामी गौतम धर अपनी आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ के प्रमोशन के सिलसिले में अयोध्या पहुंचीं। फिल्म की रिलीज से पहले उन्होंने राम की पैड़ी और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा के साथ यामी ने अपनी नई सिनेमाई पारी की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच की।
अयोध्या में यामी का पारंपरिक अंदाज भी आकर्षण का केंद्र रहा। उनके चेहरे की चमक और आत्मविश्वास फिल्म को लेकर उनकी उत्सुकता बयां कर रहे थे। अपनी दमदार स्क्रिप्ट चॉइस और सहज अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली यामी इस बार एक बिल्कुल अलग किरदार और अनोखी दुनिया के साथ दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं।
‘नई नवेली’ भारतीय परिवारों की कल्पनाओं को फैंटेसी, हास्य, एक्शन और रोमांच के साथ जोड़ने वाली फैमिली एंटरटेनर है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। फिल्म में अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ और अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जी. वी. प्रकाश कुमार का संगीत फिल्म को खास रंग देगा। ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

