संजय दत्त की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूतनी’ का ट्रेलर रिलीजी
मुम्बई:- बॉलीवुड में इन दिनों विभिन्न विषयों पर फिल्में बन रही हैं। खासतौर पर हॉरर कॉमेडी फिल्मों को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ‘मुंज्या’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों की सफलता इसका उदाहरण हैं। इसी कड़ी में अब एक नई हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूतनी’ का रोमांचक ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में सुपरस्टार संजय दत्त विशेष भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
फिल्म ‘भूतनी’ के ट्रेलर में संजय दत्त एक शक्तिशाली अवतार में नजर आ रहे हैं, जो दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण है। हालांकि, ट्रेलर से फिल्म की कहानी का पूरा अंदाजा नहीं लगता लेकिन इसमें नजर आने वाले कलाकारों की टीम बेहद खास है।
फ़िल्म में संजय दत्त, मौनी रॉय, सनी सिंह, पलक तिवारी, आसिफ खान और बेयूनिक जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है। यह मनोरंजक ट्रेलर मज़ेदार पंचलाइन, खौफ़नाक रोमांच और संजय दत्त के शानदार स्वैग से भरपूर है। कहा जा रहा है कि भूतनी ऐसी फिल्म है, जो दर्शकों को एक ऐसी सिनेमाई दुनिया में ले जाएगी, जो पहले कभी नहीं देखी गई। निर्माताओं ने मुंबई में एक मेगा इवेंट में पूरी स्टारकास्ट की मौजूदगी में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया। फिल्म का लेखन और निर्देशन सिद्धांत सचदेव ने किया है।
सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट और थ्री डायमेंशन मोशन पिक्चर्स द्वारा सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के साथ दीपक मुकुट और संजय दत्त द्वारा निर्मित, हुनर मुकुट और मान्यता दत्त द्वारा सह-निर्मित, भूतनी 18 अप्रैल 2025 को रिलीज़ होने के लिए तैयार है।
संत कुमार गोस्वामी की रिपोर्ट

