भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने गूगल पर बड़ी कार्रवाई की है
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने गूगल पर बड़ी कार्रवाई की है. सीसीआई ने इंटरनेट सर्च इंजन गूगल पर विरोधी प्रतिस्पर्धी अभ्यास के लिए 1,337.76 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. सीसीआई ने गुरुवार (Thursday) को ट्वीट कर यह जानकारी दी है.
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के एक बयान के मुताबिक गूगल पर एंड्रॉयड मोबाइल उपकरण बाजार के क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग करने को लेकर यह कार्रवाई की है. इसके साथ ही सीसीआई ने प्रमुख इंटरनेट कंपनी को अनुचित कारोबारी गतिविधियों को रोकने और बंद करने का निर्देश भी दिया है. आयोग ने गूगल को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने कामकाज के तरीके को संशोधित करने का निर्देश भी दिया है.
उल्लेखनीय है कि गूगल एक अमेरीकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी है. यह कंपनी इंटरनेट सर्च, क्लाउड कम्प्यूटिंग और विज्ञापन के क्षेत्र में काम करती है. दरअसल, गूगल इंटरनेट पर आधारित कई सेवाओं एवं उत्पाद को बनाता है. इस कंपनी का मुनाफा मुख्यतया अपने विज्ञापन कार्यक्रम ऐडवर्ड्स से होता है.

