रवींद्र जडेजा 3D से 4D क्रिकेटर कैसे बन गए, पूर्व RCB खिलाड़ी ने दिया कमाल का तर्क
चेन्नई सुपर किंग्स के सुपर हिट कप्तान एम एस धौनी ने 24 मार्च 2022 को इस टीम की कप्तानी छोड़ दी और फिर रवींद्र जडेजा को उनकी जगह टीम टीम का कप्तान बनाया गया।
आइपीएल 2022 में अब धौनी की जगह जडेजा यलो आर्मी की अगुआई करते हुए नजर आएंगे। जडेजा के कप्तान बनाए जाने के बाद कई क्रिकेटरों ने उनकी तारीफ अलग-अलग अंदाज में की और इसी क्रम में सीएसके के पूर्व बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने भी जडेजा को 4D क्रिकेटर करार दिया।
बद्रीनाथ ने टाइम्स ग्रुप के साथ बात करते हुए जडेजा को 4डी क्रिकेटर कहकर सम्मानित किया साथ ही उनकी आलराउंड क्षमताओं की तारीफ भी की। बद्रीनाथ को लगता है कि एक बल्लेबाज के तौर पर पिछले कुछ साल में उन्होंने जिस तरह की प्रगति की है उससे तो वो 3डी क्रिकेटर थे ही, लेकिन अब कप्तानी की जिम्मेदारी ने उन्हें 4डी क्रिकेटर बना दिया। उन्होंने कहा कि जडेजा हमेशा एक गेंदबाज रहे हैं लेकिन पिछले दो वर्षों में, उन्होंने एक बल्लेबाज के रूप में खुद में काफी सुधार किया है। उनके खेल का सबसे बड़ा हिस्सा जिसमें उन्होंने सुधार किया है वह उनकी बल्लेबाजी है। उनकी बल्लेबाजी ने उन्हें एक उचित आलराउंडर, एक उचित थ्रीडी क्रिकेटर बना दिया है।
बद्रीनाथ ने आगे कहा कि अब एक चौथा आयाम भी है। वह 4डी क्रिकेटर होंगे क्योंकि कप्तानी भी है। केवल एक चीज यह है कि उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी कभी किसी टीम का नेतृत्व नहीं किया है। बस यही एक चीज है जिस पर गौर करने की जरूरत है। जहां तक टीम के लिए उनकी अहमियत का सवाल है, हम सभी यह जानते हैं। बात यह है कि उसके पास पहले से ही भार है। उन्हें हाटस्पाट में फील्डिंग करनी होगी। उन्हें गेंदबाजी, बल्लेबाजी और अब कप्तानी भी करनी है। आपको बता दें कि इस बार सीएसके ने जडेजा को रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले नंबर पर रखा था और धौनी से भी ज्यादा यानी 16 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था।

