पंत, शॉ, अक्षर और नोत्र्जे को रिटेन करेंगे दिल्ली कैपिटल्स
![ddd](https://ananttvlive.com/static/c1e/client/82638/uploaded/7cbeacf202b752cef0efec065e956cf8.jpg?width=789&height=605&resizemode=4)
नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए ऋषभ पंत, पृथ्वी शॉ, अक्षर पटेल और एनरिक नोत्र्जे की चौकड़ी को रिटेन करने का फ़ैसला किया है। हालांकि गुरुवार को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले कैपिटल्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर ने नीलामी में जाने का फ़ैसला किया है। कैपिटल्स अय्यर के इस निर्णय को एक झटके के रूप में देख सकते हैं, वे पूरी तरह से हैरान नहीं होंगे। अप्रैल में कंधे की चोट के कारण अय्यर के आईपीएल के पहले चरण से बाहर होने के बाद कैपिटल्स ने पंत को कप्तानी सौंपी थी और तब से उनके सामने सवाल था कि क्या वह अय्यर को रिटेन कर पाएंगे।
2018 आईपीएल के बीच में कप्तान गौतम गंभीर द्वारा पद छोड़ने के बाद से अय्यर ने टीम का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। साल 2012 के बाद से पहली बार 2019 में कैपिटल्स ने प्लेऑफ़ में जगह बनाई और वह दूसरे क्वालीफ़ायर में हार गए। एक साल बाद वे अपने पहले आईपीएल फाइनल में पहुंचे जहां मुंबई इंडियंस ने उन्हें हराया। इस साल मार्च में, इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान, अय्यर को कंधे पर चोट लगी जिसके बाद उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा। इसके चलते कैपिटल्स ने उस समय एक अंतरिम कप्तान के रूप में पंत को नियुक्त किया। हालांकि अय्यर ने अक्तूबर-नवंबर में यूएई में खेले गए आईपीएल के दूसरे चरण के लिए वापसी की, लेकिन पंत को कप्तान के रूप में बरकरार रखा गया।
अय्यर दो नई टीमों द्वारा खरीदे जा सकते हैं लेकिन क्रिकइंफ़ो को पता चला है कि उन्होंने ऑक्शन में जाने का फ़ैसला किया है जहां आठ मौजूदा टीमों में से अधिकतर एक कप्तान की तलाश में होंगी। यह समझा जा रहा है कि कैपिटल्स की सूची में पहला नाम पंत का था और अय्यर के खुद बाहर होने से शॉ ने उनकी जगह ले ली।