मध्यप्रदेश के सर्वोच्च खेल अलंकरण पुरस्कार 2020 की घोषणा
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के अनुमोदन उपरांत शनिवार को राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई। वर्ष 2020 के लिए राज्य शासन द्वारा 13 एकलव्य, 10 विक्रम, 03 विश्वामित्र, 01 स्व. प्रभाष जोशी और 01 लाईफ टाइम अचीव्हमेंट पुरस्कार घोषित किए गए हैं। खेल और युवा कल्याण संचालक पवन जैन ने राज्य स्तरीय खेल अलंकरण पुरस्कारों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2020 के लिए लाईफ टाईम अचीवमेंट पुरस्कार पद्मश्री अभय छजलानी को दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के ओलम्पिक हॉकी स्टॉर खिलाड़ी विवेक सागर को राज्य के सर्वोत्तम विक्रम पुरस्कार से नवाजा जायेगा। विवेक टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेता भारतीय हाकी टीम के सदस्य रहे हैं। खेल संचालक पवन जैन ने बताया कि वर्ष 2020 के राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों के लिए एकलव्य के लिए 110 आवेदन, विक्रम पुरस्कार के 95, विश्वामित्र पुरस्कार के लिए 34, स्व. प्रभाष जोशी पुरस्कार के 03 तथा लाईफ टाईम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए 21 आवेदन प्राप्त हुए थे।
यह खेल हस्तियां होंगी सम्मानित
एकलव्य पुरस्कारः-
व्यक्तिगत खेल में- सुषमा वर्मा क्याकिंग-कैनोइंग सीहोर, तुषिता सिंह सॉफ्ट टेनिस भोपाल, स्पर्श खरे वूशु जबलपुर, अर्जुन सिंह घुड़सवारी भोपाल, सुनील डावर एथलेटिक्स बड़वानी, गौरांशी शर्मा बैडमिंटन (दिव्यांग) भोपाल, राममिलन यादव सेलिंग टीकमगढ़, अंकित शर्मा फेंसिंग, ग्वालियर, अनुराधा अहिरवार तीरंदाजी भोपाल, प्रीति रजक शूटिंग होशंगाबाद एवं शशांक पटेल ताईक्वांडो भोपाल।
दलीय खेल में- साधना सेंगर हॉकी होशंगाबाद।
ओलंपिक/एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में नहीं खेले जाने वाले खेल में - धु्रवराज कुर्रे पावर लिफ्टिंग भोपाल को एकलव्य पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।