76 वर्षीय रामप्रसाद विश्वकर्मा ने विकसित की Mechanical Voting Machine, भोपाल विज्ञान मेले में लाइव प्रदर्शन
भोपाल, 23 सितंबर। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCOST) के सौजन्य से आयोजित 13वें भोपाल विज्ञान मेले–2026 में राजगढ़ जिले के पचोर निवासी 75 वर्षीय श्री रामप्रसाद विश्वकर्मा द्वारा विकसित Pure Mechanical Voting Machine (MVM) का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है। Barkatullah University, Bhopal में आयोजित विज्ञान मेले में विद्यार्थी, शिक्षक और आमजन मशीन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ रहे हैं।
MVM का विचार श्री रामप्रसाद विश्वकर्मा को वर्ष 2010 के आसपास आया। लगभग 14 वर्षों के शोध, डिजाइन और प्रयोग के बाद उन्होंने मशीन का प्रोटोटाइप विकसित किया। मशीन के पेटेंट में श्री रामप्रसाद विश्वकर्मा को मुख्य आविष्कारक के रूप में दर्ज किया गया है।
कैसे काम करती है MVM
MVM की मतदान प्रक्रिया यांत्रिक प्रणाली पर आधारित है और इसमें किसी इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल प्रणाली का उपयोग नहीं किया गया है। मशीन में मुख्य रूप से Main Voting Machine, Control Unit और Ballot Unit शामिल हैं।
लाइव डेमोंस्ट्रेशन में मतदाता उम्मीदवार के सामने दिए गए विकल्प को दबाता है। मैकेनिकल तंत्र के माध्यम से वोट रिकॉर्ड होता है। Verification Box के माध्यम से मतों के रिकॉर्ड की पुष्टि की अवधारणा दी गई है तथा मतदान समाप्त होने के बाद Ballot Unit को अनलॉक कर मतगणना की जा सकती है।
वर्तमान प्रोटोटाइप के प्रदर्शन में मतदान पूरा होने के बाद लगभग पांच मिनट में परिणाम प्राप्त करने का प्रदर्शन किया गया है।
बैलेट आधारित मतदान के लिए यांत्रिक समाधान
आविष्कारक के अनुसार, MVM का उद्देश्य बैलेट पेपर आधारित मतदान प्रक्रिया के लिए एक यांत्रिक समाधान विकसित करना है। मशीन को वर्तमान में प्रोटोटाइप एवं प्रदर्शन स्तर पर विकसित किया जा रहा है।
श्री रामप्रसाद विश्वकर्मा ने ITI भोपाल से Mechanical Draftsman का प्रशिक्षण प्राप्त किया और विभिन्न संस्थानों में कार्य करने के बाद लंबे समय तक विद्युत ठेकेदारी का कार्य किया। मशीनों एवं तकनीकी कार्यों में उनकी रुचि ने उन्हें इस नवाचार की दिशा में प्रेरित किया।
उनके पुत्र कमलेश विश्वकर्मा ने सह-आविष्कारक के रूप में पेटेंट प्रक्रिया तथा MVM के विकास में सहयोग किया। MVM को भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय से वर्ष 2024 में पेटेंट प्राप्त हुआ।
विज्ञान मेले में MVM का प्रत्यक्ष प्रदर्शन युवाओं को मैकेनिकल इंजीनियरिंग, नवाचार और स्वदेशी तकनीकी समाधान के प्रति प्रेरित करने का माध्यम है।

