पॉलीटेक्निक चौराहे का लेफ्ट टर्न होगा फ्री, जलभराव रोकने ‘मिशन मोड’ में कार्य करे नगर निगम : कलेक्टर मिश्रा
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सुगम यातायात एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
भोपाल: 11 अगस्त, 2026
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने निर्देशित किया है कि भोपाल शहर में वाहनों के निर्बाध एवं सुगम आवागमन के लिए पॉलीटेक्निक चौराहे के लेफ्ट टर्न को पूर्णतः फ्री किया जाए तथा वहां स्थापित गंतरी (Gantry) को नियमानुसार यथास्थान शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर जलभराव (वॉटर लॉगिंग) के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात बाधाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नगर निगम जल निकासी एवं नालों की सफाई का कार्य 'मिशन मोड' में चलाकर त्वरित पूर्ण करे।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने यह निर्देश कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य भोपाल जिले में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा मानसून के दौरान आवागमन को सुचारू बनाए रखने हेतु स्थायी निराकरण करना रहा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने एमपीआरडीसी (MPRDC) के अधिकारियों को ईटखेड़ी स्थित ओवरब्रिज पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए समुचित प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) एवं रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्रीमती मोनिका शुक्ला ने भोपाल शहर में व्यावहारिक एवं प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सुदृढ़ पुलिस प्रबंधन पर बल दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक (देहात) श्री पांडे ने भोपाल- बैरसिया मार्ग पर हादसों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक रोड मार्किंग, दिशा-सूचक साइनबोर्ड्स तथा रंबल स्ट्रिप्स (Rumble Strips) लगाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए।

