स्थानीय नाला निर्माण कार्य सोमवार से प्रारंभ करें, कार्यादेश जारी होते ही विकास कार्यों को दें गति : महापौर राय
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शाहपुरा के वार्ड-51 में जन-कल्याण शिविर आयोजित
जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताकॉलोनी संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट में ‘कॉलोनी सेल’ गठित : कलेक्टर श्री मिश्रा
उपभोक्ता भंडार में अनियमितताओं पर एएसओ और वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस के निर्देश
भोपाल : 29 अगस्त, 2026
मध्यप्रदेश शासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संचालित ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत शनिवार को शाहपुरा के जोन क्रमांक-6 स्थित वार्ड क्रमांक-51 के सी-सेक्टर में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में महापौर श्रीमती मालती राय, पूर्व विधायक श्री ध्रुवनारायण सिंह, स्थानीय पार्षद, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से अधिकारियों ने नागरिकों को हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा उनकी समस्याओं और आवेदनों का निराकरण किया।
महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और विकास कार्यों को धरातल पर गति देना है।
महापौर श्रीमती राय ने स्थानीय नागरिकों की मांग पर क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य आगामी सोमवार से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन को निर्देश दिए कि कार्यादेश जारी होते ही सभी स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण कराया जाए।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुँचाया जा रहा है। कॉलोनियों से संबंधित समस्याओं के व्यवस्थित एवं त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट में समर्पित ‘कॉलोनी सेल’ का गठन किया गया है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थानीय निवासियों से अपने क्षेत्रों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) गठित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के माध्यम से कॉलोनी की समस्याओं को साझा मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने और उनका समाधान कराने में सुविधा होगी। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का किया औचक निरीक्षण
शिविर के बाद कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने शाहपुरा क्षेत्र में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र, बाबा नगर स्थित नगर निगम ट्रांसफर स्टेशन, शासकीय प्राथमिक शाला छावनी शाहपुरा, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक तथा एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का औचक निरीक्षण किया।
एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार में गंभीर अव्यवस्थाएँ एवं अनियमितताएँ पाए जाने पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती वसुंधरा पेंडो और वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक श्रीमती सपना गुहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

