भ्रष्टाचार पर भाजपा भी सर्वोच्च न्यायालय की सलाह मानने को तैयार नहीं

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने एक बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी में कहा है कि देश की सभी पार्टियां राजनीति में अपराधीकरण रोकना नहीं चाहती हैं। सर्वोच्च न्यायालय कई दिनों से यह कोशिश कर रहा है कि गंभीर अपराध के आरोपितों को चुनाव न लड़ने दिया जाएं। सब पार्टियां सहमत हों और कानून बनाये, लेकिन सभी पार्टियां ऐसा कानून नहीं बनाना चाहती।
उन्होंने कहा कि जिन नेताओं पर बलात्कार, हत्या ओर डकैती जैसे आरोप होते हैं पार्टियां उनको भी टिकट देती हैं और चुनाव जीत कर वे विधान सभा और संसद में पहुंचते हैं।
शान्ता कुमार ने कहा कि इस कारण देश की राजनीति में अपराधियों की संख्या बढ़ रही है और भ्रष्टाचार भी बढ़ रहा है। आम आदमी को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय और अटल कहा करते थे कि छल-कपट और दल-बदल से सरकारें तो बदल सकती हैं परन्तु समाज बदलने के लिए मूल्य आधारित राजनीति चाहिए। आज उनकी बात भाजपा भी नही मान रही।